राजस्थान में इस बार झालरापाटन बना हॉट, वसंधुरा के खिलाफ हैं मानवेंद्र

रणवीर सिंह

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव धीरे-धीरे अपने चरम की ओर जाता दिख रहा है। राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज नामांकन दाखिल कर दिया है। दूसरी ओर, राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में 32 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। इस तरह पार्टी द्वारा अब तक कुल 184 उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। वसुंधरा के खिलाफ ​झालरापाटन से जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह चुनाव लड़ेंगे। कुछ समय पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा था कि झालरापाटन सीट से उनका रिश्ता 30 साल पुराना है। वसुंधरा इस सीट से चौथी बार उम्मीदवार हैं। सीएम वसुंधरा ने पहली बार इस सीट से 2003 में चुनाव लड़ा था। इसके पहले वह झालवाड़ से सांसद थीं। वसुंधरा कहती आई हैं कि यहां के मतदाताओं के लिए वह मां और बहन समान हैं।

वहीं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को झालरापाटन विधानसभा सीट से अपना पर्चा भरा है। राजस्थान की कुल 200 सीटों के लिए 7 दिसंबर को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। नामांकन दाखिल करने से पहले सीएम राजे ने यहां के प्रसिद्ध राड़ी के बालाजी मंदिर जाकर विशेष पूजा-अर्चना भी की।

बता दें कि मानवेंद्र सिंह ने हाल ही में बीजेपी से नाराज होकर कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया था, जिसके बाद कांग्रेस द्वारा उन्हें झालरापाटन से टिकट दिया गया है। यानि मानवेन्द्र सिंह झालरापाटन से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस मानवेंद्र के बहाने बीजेपी के पारम्परिक राजपूत वोट में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में झालावाड़ सीट से राजे ने कांग्रेस की मीनाक्षी चंद्रावत को 60896 वोट से हराया था। राजे को 114384 और मीनाक्षी को 53488 वोट मिले थे। मीनाक्षी चंद्रावत हरीगढ़ के पूर्व महाराजा धनसिंह चंद्रावत की बेटी हैं। इससे पहले 2008 में राजे कांग्रेस के मोहन लाल को हराया था। 2003 में भी इस सीट से जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों की शनिवार को दूसरी सूची जारी की है। इसी के साथ कुल 200 सीटों में से 184 उम्मीदवारों की घोषणा पार्टी ने कर दी है। जिसमें मानवेन्द्र सिंह का नाम शामिल है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.