नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के साथ ही निर्वाचित नेताओं ने मंत्री पद के लिए समीकरण बैठाने की दिशा में क़वायद शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो प्रवेश साहिब सिंह का नाम मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे है। वहीं महिला कोटे से मंत्री पद के लिए शिखा राय और रेखा गुप्ता प्रबल दावेदार होंगी। लेकिन रोहिणी से विधायक और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता के मंत्री बनने की सबसे ज़्यादा संभावना के कारण रेखा गुप्ता को निराशा हाथ लग सकती है। जानकार यह भी मानते हैं कि शिखा राय के मंत्री बनने पर करावल नगर से निर्वाचित विधायक कपिल मिश्रा को पूर्वांचल कोटे का लाभ नहीं मिल पाएगा। सिख कोटे में मनजिन्दर सिंह सिरसा की गहरी पैठ के कारण कांग्रेस से भाजपा में आकर विधायक बनने वाले अरविंदर सिंह लवली को विधायक पद पर ही संतोष करना पड़ सकता है।
वहीं केवल तीन सुरक्षित सीटें जीतने में सफल रही भाजपा से राजकुमार चौहान को अरविंदर सिंह लवली के मंत्री पद से वंचित होने का लाभ मिल सकता है। पंजाबी कोटे में आशीष सूद सबसे आगे माने जा रहे हैं।
बाक़ी होना वही है, जो भाजपा के चाणाक्य तय करेंगे।