
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। ट्विंकल और आसिफा जैसी बच्चियों से जो घिनौने कांड हुए उनसे रूह कांप उठती है । हालांकि ये पहले या आखिरी कांड नहीं हैं । दिल्ली की निर्भया से लेकर जेसिका लाल तक कितनी तरह के कांड सामने आते रहे हैं । मोमबतियां जला कर जंतर मंतर पर कितनी बार प्रदर्शन किए गये । क्या इनका कोई असर पडा ? या इनका किसी ने नोटिस लिया ? वैसे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कहते रहे हैं कि यदि पुलिस का नियंत्रण हमारी सरकार के अधीन दिया जाए तो वे इसके जिम्मेवार माने जायेंगे । अभी तक पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है । हालांकि केजरीवाल यह आरोप भी लगा चुके कि मेरा सुरक्षाकर्मी मेरी हत्या कर सकता है । जब मुख्यमंत्री खुद ही सुरक्षित नहीं तो वे किसी निर्भया की सुरक्षा क्या कर पायेंगे ?
इधर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर का एक फोटो वायरल हो रहा है जिसमें वे स्लेट पर जस्टिस फार ट्विंकल लिखे हुए हैं । किसी ने इसके नीचे बहुत अच्छा कमेंट पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी आपके , यूपी की ट्विंकल के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपकी भाजपा के , सारा मीडिया किसकी गोदी में मोदी के । फिर जस्टिस किससे मांग रहे हो और सुरक्षा कौन देगा ? आप ही सुरक्षा देने वाले और आप ही सुरक्षा मांगने वाले । कमाल है न ?
लडकियों की असुरक्षा को लेकर मां बाप व अभिभावक चिंतित रहते हैं । इसीलिए लडकियों कै जन्म से पहले भ्रूण हत्या का शिकार होना पडता है । प्रधानमंत्री मोदी बेटी बचाओ से बेटी पढाओ तक का नारा हरियाणा के पानीपत से कर गये और हरियाणा की वाह वाह भी लेकिन समस्या जस की तस ।
आखिर मोमबतियां कब रोशनी देंगीं नेताओं को ?
– कमलेश भारतीय
