पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एनडीए के पुराने सहयोगी और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने गठबंधन से नाता तोड़ते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बीती रात तेजस्वी यादव के आवास पर हुई मुलाकात में उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
राजद में शामिल होने के बाद सूरजभान सिंह ने कहा, “एनडीए में मेरे साथ क्या हुआ, यह किसी से छुपा नहीं है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि उनकी पत्नी बीना देवी आज मोकामा विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगी।
यह चुनाव विशेष रूप से दिलचस्प होने वाला है क्योंकि बीना देवी का सीधा मुकाबला मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह से होने की संभावना है, जो इन दिनों अपनी नई राजनीतिक पारी की तलाश में हैं।
सूरजभान सिंह ने कल ही पशुपति पारस की पार्टी और एनडीए से नाता तोड़ने की घोषणा की थी। उसके तुरंत बाद उन्होंने तेजस्वी यादव से मुलाकात की, जहां उन्हें राजद में शामिल कर लिया गया। सदस्यता ग्रहण के दौरान की तस्वीरों में तेजस्वी यादव उन्हें पार्टी की सदस्यता पर्ची सौंपते नजर आए।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सूरजभान सिंह की एंट्री और बीना देवी की उम्मीदवारी से मोकामा सीट पर मुकाबला बेहद रोचक और प्रतिष्ठापूर्ण बन गया है। इस चुनाव में दो पूर्व बाहुबलियों के परिवारों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है, जिसने पहले ही बिहार की सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

