नई दिल्ली। वर्कफोर्स में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए, ‘अमेज़न इंडिया’ ने गुजरात में पहला ‘ऑल वीमेन डिलीवरी स्टेशन’ लॉन्च करने की घोषणा की। कडी कस्बे में यह स्टेशन डिलीवरी सर्विस पार्टनर द्वारा संचालित है। यह कंपनी द्वारा महिलाओं के लिए अवसर पैदा करने और लॉजिस्टिक सेक्टर में उनकी सफलता को तय करने के लिए शुरू की गई पहलों में से एक है। कंपनी ने 2016 में तमिलनाडु के चेन्नई में अपने पार्टनर के साथ भारत में पहला ‘ऑल-वीमेन डिलीवरी स्टेशन’ लॉन्च किया था।
डिलीवरी सर्विस पार्टनर प्रोग्राम अमेज़न इंडिया का लास्ट-मील डिलीवरी मॉडल है, जहां कंपनी उद्यमियों के साथ साझेदारी करती है। कई भागीदारों के लिए यह कार्यक्रम उनका पहला उद्यमशील उपक्रम है। वे अपने समुदाय के स्थानीय ज्ञान और अमेज़न इंडिया द्वारा दी जाने वाली तकनीकी सहायता से ग्राहकों को लगातार सेवाएं प्रदान करते हैं।
गुजरात में यह स्टेशन अपने आप में पहला है और इसे पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित और प्रबंधित किया जाता है। यहां महिलाएं प्रबंधकीय और डिलीवरी एसोसिएट की भूमिका में होंगी। अमेज़न इंडिया ने खुले संवादों के माध्यम से चिंताओं को दूर करने, जागरूकता पैदा करने और विभिन्न फीडबैक तंत्र का निर्माण करके महिलाओं के लिए एक सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने के कई उपाय किए हैं। इसके अलावा एसोसिएट्स के लिए एक हेल्पलाइन नंबर बनाया गया है, जिसके जरिए वे जरूरत होने पर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। डिलीवरी एसोसिएट स्टेशन के 2-5 किमी के दायरे में पैकेज वितरित करेंगी। कडी कस्बा गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद से 50 किलोमीटर दूर है और यहां की आबादी करीब 80,000 है।
अमेज़न इंडिया के लास्ट माइल ऑपरेशंस के डायरेक्टर श्री प्रकाश रोचलानी ने कहा कि, “महिलाओं को अमेज़न इंडिया के संचालन नेटवर्क में सार्थक कॅरियर बनाने और अवसरों को खोजने में सक्षम बनाना ही हमारा विज़न है। हमने अपने पूरे नेटवर्क में महिलाओं के लिए 6,000 से अधिक अवसर निर्मित किए हैं, जहाँ वे लगातार आगे बढ़ रही हैं। गुजरात में पहले ‘ऑल वीमेन डिलीवरी स्टेशन’ का शुभारंभ महिलाओं को सुरक्षित और संपन्न अवसर प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हम ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को अवसर देकर उन्हें जिंदगी में आर्थिक आजादी देने के लिए तत्पर हैं।”
‘ऑल वीमेन डिलीवरी स्टेशन’ की एक महिला एसोसिएट जयश्रीबेन पटेल कहती हैं कि, “मैं अमेज़न इंडिया द्वारा दिए गए अवसर के लिए आभारी हूं। मेरे इलाके में कई महिलाएं डिलीवरी एसोसिएट नहीं हैं। मुझे गर्व महसूस होता है कि मैं हर दिन बाहर जा सकती हूं और अपने समुदाय के ग्राहकों को मुस्कुराहट प्रदान कर सकती हूं। मुझे खुशी है कि मैं अब अपने परिवार का आर्थिक रूप से सहयोग कर सकती हूं। मेरे पति कहते हैं कि मैं अपनी बेटी के लिए प्रेरणा हूं। ” अमे ज़न इंडिया ने गुजरात में अपनी विविधता और समावेशी सोच को मजबूत करने के लिए कई उपाय किए हैं। अमेज़न ने राज्य में अपने फुलफिलमेंट नेटवर्क में 200 से अधिक महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।

