सेना के जवानों के बच्चों को करियर डिफेंस स्कूलों में मिलेगी फीस में 100 फीसदी तक छूट

नई दिल्ली। भारतीय सेना ने सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत सेना ने करियर डिफेंस स्कूल्स के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य सेना के जवानों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को बेहतर अवसर प्रदान करना है।

समझौता ज्ञापन पर भारतीय सेना की ओर से ब्रिगेडियर राजकुमार और करियर डिफेंस स्कूल्स के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) इंजीनियर विनय कुमार राय ने हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत शहीदों और सेवा के दौरान दिवंगत हुए सैन्यकर्मियों के बच्चों को ट्यूशन फीस में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इस श्रेणी में सीटों की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

वहीं, सेवारत सैन्यकर्मियों के बच्चों को 50 सीटों पर 35 प्रतिशत और सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों के बच्चों को 50 सीटों पर 25 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट मिलेगी।

इस अवसर पर इंजीनियर विनय कुमार राय ने भारतीय सेना के प्रति आभार जताते हुए सैनिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई। यह पहल सैनिकों के त्याग और बलिदान के सम्मान के साथ उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.