नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के ईस्ट आफ कैलाश स्थित आर्य समाज संतनगर मंदिर में रविवार को महर्षि दयानंद सरस्वती का 201 वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बोलते हुए विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री विनोद बंसल ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने अपने जीवन काल में न सिर्फ आर्य समाज की स्थापना की अपितु , विश्व को आडंबरों, अंधविश्वासों, कुरीतियों व अनेक प्रकार की दुरावस्था से मुक्त किया। ऋषि दयानंद सरस्वती ने जहां वेदों के ज्ञान और यज्ञ के विस्तार के लिए काम किया तो वहीं, नारी उत्थान व अछूतोद्धार के साथ समरस समाज का निर्माण करते हुए मां भारती की मुक्ति हेतु असंख्य वीर बलिदानी तैयार किए।
इस अवसर पर यजमान के रूप में श्रीमती हितेश व आर्य समाज के मंत्री डॉ वरुण कुमार के अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व अनेक सामाजिक धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

