Delhi Blast : लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका, 8 लोगों की मौत, कई घायल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट हुआ, जिससे आसपास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, धमाके के बाद तीन से चार वाहनों में आग लग गई और उन्हें भारी नुकसान पहुँचा।
दिल्ली अग्निशमन विभाग (डीएफएस) ने बताया कि उन्हें शाम करीब 6:55 बजे विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की सात गाड़ियाँ तुरंत मौके पर भेजी गईं। थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए और कार के पुर्जे दूर-दूर तक बिखर गए।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया, “शाम करीब 6:52 बजे एक कार रेड लाइट पर रुकी थी, तभी उसमें विस्फोट हुआ। इस धमाके में आसपास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुँचा। सभी जांच एजेंसियाँ—एफएसएल, एनआईए और पुलिस—मौके पर मौजूद हैं। इस घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है।”
विस्फोट के बाद फोरेंसिक टीम, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच, और एनआईए की टीमें जांच में जुट गई हैं। गृह मंत्री ने भी घटना की जानकारी ली है और स्थिति पर लगातार अपडेट लिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय इलाके में भारी भीड़ थी, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है कि यह आकस्मिक विस्फोट था या किसी साजिश का हिस्सा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.