मोक्ष और माया। इन दो शब्दों की अपनी अलग और विपरीत दुनिया है। मोह—माया को त्यागने की चाहत मोक्ष की तरफ ले जाती है और दूसरी तरफ माया का अपना खास आकर्षण है जिसकी तरफ दुनिया खिंची चली आती है। लेकिन दो स्त्रियों का मोक्ष और माया से क्या सरोकार? इसी सवाल का सही जवाब देगी फिल्म ‘मोक्ष टू माया’ जो दो स्त्रियों के जीवन की भावनात्मक यात्रा है। दोनों छल छद्म से भरी इस दुनिया के सौदागरों से मुकाबला करती हैं। इस ‘बोल्ड’ फिल्म के निर्देशक हैं मनोज सिंह। निर्माता श्वेता ठाकुर, नीरज भारद्वाज, रमेश राजपुरोहित व कृष्णा के ‘यूटोपिया स्टूडियोज’ निर्मित इस फिल्म का ट्रेलर पिछले दिनों लॉन्च हुआ। फिल्म में बिदित बैग और मेघना मलिक की अहम भूमिका है। फिल्म का संगीत बाबा जागीरदार ने दिया है।
—अनिल बेदाग