सरकार को घेरने को तैयार बैठी है विपक्ष

रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सत्रह जनवरी से शुरू हो रहा है। बजट सत्र में विपक्षी दल मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक पर लगे आरोप के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष बकोरिया कांड में पुलिस महानिदेशक की संलिप्तता को जोरदार तरीके से सदन में रखेगी, वहीं मुख्य सचिव पर पशुपालन घोटाले में नाम आने पर कार्रवाई को लेकर दबाव बनाया जा सकता है। इन दोनों मुद्दों पर बजट सत्र में सदन में हंगामा होने के आसार बन रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इन दोनों मुद्दों पर अपनी स्थिति साफ कर दी है। पार्टी का कहना है कि सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रही है। इन मुद्दों को विपक्ष सदन में जोरदार तरीके से रखेगी। इधर, कांग्रेस और झारखंड विकास मोर्चा ने भी इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। झाविमो के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि मुख्य सचिव राजबाला वर्मा के पशुपालन घोटाले में और पुलिस महानिदेशक डीके पाण्डेय के बकोरिया कांड में नाम सामने आया है। यह मुद्दा सदन में उठना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार ने कहा है कि मुख्य सचिव और डीजीपी पर लगे आरोपों की जांच और उनको पद से हटाने की मांग को लेकर 16 जनवरी को विपक्षी दल राज्यपाल से मिलेंगे। उन्होंने कहा है कि राज्य के संचालन की जिम्मेवारी आरोपी पदाधिकारियों को नहीं मिलनी चाहिए। दोनों अधिकारियों पर संगीन आरोप है, जिनकी न्यायिक जांच होनी चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.