बिमटेक और निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के बीच साझेदारी, इंश्योरेंस सेक्टर के लिए शुरू होगा जॉइंट सर्टिफिकेशन प्रोग्राम

जेसीपी 3.0 के तहत विद्यार्थियों को मिलेगी हेल्थ इंश्योरेंस इंडस्ट्री की व्यावहारिक ट्रेनिंग, सफल प्रतिभागियों को मिलेगा संयुक्त प्रमाणपत्र

ग्रेटर नोएडा। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी (बिमटेक), ग्रेटर नोएडा ने निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस (एनबीएचआई) के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी की है। इस संबंध में दोनों संस्थानों के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत जॉइंट सर्टिफिकेशन प्रोग्राम (जेसीपी 3.0) शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य बिमटेक के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट–इंश्योरेंस बिजनेस मैनेजमेंट (पीजीडीएम-आईबीएम) के विद्यार्थियों को इंश्योरेंस इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना और उनकी व्यावसायिक दक्षता बढ़ाना है।

एमओयू पर हस्ताक्षर और कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर बिमटेक की निदेशक डॉ. प्रबीना राजीब, उप निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज प्रिया और रजिस्ट्रार डॉ. टी. वी. रमन उपस्थित रहे। वहीं, निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस की ओर से एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड-टैलेंट एकेडमी ईश्वर दत्त शर्मा तथा हेड-कैंपस रिलेशंस, टैलेंट एकेडमी ऋषिका वर्मा शामिल हुईं। इस अवसर पर पीजीडीएम-इंश्योरेंस बिजनेस मैनेजमेंट की चेयरपर्सन प्रो. प्रतीक प्रियदर्शी, आईबीएम के फैकल्टी सदस्य और विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

यह साझेदारी उद्योग और शिक्षा जगत के बीच बेहतर समन्वय, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा इंश्योरेंस सेक्टर के लिए कुशल पेशेवर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य अकादमिक शिक्षा और उद्योग की वास्तविक जरूरतों के बीच की दूरी को कम करना तथा इंश्योरेंस क्षेत्र में पेशेवर मानकों को बेहतर बनाना है।

आठ प्रमुख विषयों पर मिलेगी ट्रेनिंग

जेसीपी 3.0 का पाठ्यक्रम निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के विषय विशेषज्ञों ने तैयार किया है। कंपनी के अनुभवी पेशेवर ही विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। बिमटेक में कुल 10 घंटे की कक्षा आधारित ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। इसमें इंश्योरेंस से जुड़े आठ प्रमुख विषय शामिल होंगे।

इनमें इंश्योरेंस इंडस्ट्री एवं हेल्थ इंश्योरेंस, इंश्योरेंस के बुनियादी सिद्धांत, इंश्योरेंस उत्पाद, हेल्थ इंश्योरेंस अंडरराइटिंग एवं क्लेम, ग्राहक सेवा, इंश्योरेंस एनालिटिक्स, संगठनात्मक संस्कृति एवं भविष्य की जरूरतों के लिए तैयारी तथा इंश्योरेंस सेक्टर में करियर के अवसर शामिल हैं।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को हेल्थ इंश्योरेंस के कामकाज, ग्राहकों की अपेक्षाओं, नियामकीय प्रक्रियाओं और उद्योग में हो रहे नए बदलावों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। 10 घंटे की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को एक मूल्यांकन परीक्षा पास करनी होगी। इसमें सफल होने वाले विद्यार्थियों को निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस की ओर से आधिकारिक जॉइंट सर्टिफिकेशन प्रोग्राम प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगे युवा

इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड-टैलेंट एकेडमी ईश्वर दत्त शर्मा ने हेल्थ इंश्योरेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप पेशेवर तैयार करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पीजीडीएम-आईबीएम के विद्यार्थी भविष्य में इंश्योरेंस कंपनियों और ग्राहकों के साथ काम करते हुए आम लोगों तक स्वास्थ्य बीमा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं को इंश्योरेंस उत्पादों, उनकी प्रक्रियाओं, ग्राहक सेवा और उद्योग में हो रहे बदलावों की व्यावहारिक जानकारी देना उनके करियर विकास के लिए आवश्यक है।

जॉइंट सर्टिफिकेशन प्रोग्राम (जेसीपी 3.0) को मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे युवाओं को प्रशिक्षित करने और उनकी व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विशेष रूप से हेल्थ इंश्योरेंस सहित इंश्योरेंस सेक्टर में प्रबंधकीय पदों के लिए तैयार किया जाएगा।

बिमटेक की अकादमिक विशेषज्ञता और निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के औद्योगिक अनुभव को मिलाकर विद्यार्थियों के लिए एक व्यवस्थित लर्निंग फ्रेमवर्क तैयार किया गया है। इससे उनके ज्ञान, कौशल और पेशेवर क्षमताओं को विकसित करने के साथ उनका आकलन भी किया जाएगा। यह प्रमाणपत्र इंश्योरेंस और वित्तीय सेवा क्षेत्र में विद्यार्थियों की पेशेवर विश्वसनीयता बढ़ाने तथा करियर के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायक होगा।

इंडस्ट्री पार्टनरशिप से मजबूत होगी मैनेजमेंट शिक्षा

बिमटेक की निदेशक डॉ. प्रबीना राजीब ने कहा कि मैनेजमेंट शिक्षा को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में इंडस्ट्री पार्टनरशिप की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह पहल बिमटेक के उस प्रयास का हिस्सा है, जिसके तहत अकादमिक कार्यक्रमों में उद्योग का ज्ञान, व्यावहारिक प्रशिक्षण और पेशेवर विकास को शामिल किया जा रहा है।

एमओयू पर निवा बूपा की ओर से ईश्वर दत्त शर्मा और बिमटेक की ओर से डॉ. टी. वी. रमन ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बिमटेक के उप निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज प्रिया ने कहा कि भविष्य के मैनेजमेंट पेशेवरों को तैयार करने के लिए उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग आवश्यक है।

इस कार्यक्रम का समन्वय बिमटेक के एसोसिएट प्रोफेसर एवं पीजीडीएम-इंश्योरेंस बिजनेस मैनेजमेंट के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. सुनील कादयान कर रहे हैं।

जेसीपी 3.0 के माध्यम से दोनों संस्थान ज्ञान साझा करने, विशेषज्ञों के साथ संवाद और आपसी सहयोग के जरिए इंश्योरेंस सेक्टर की अकादमिक शिक्षा तथा उद्योग के वास्तविक कामकाज के बीच की दूरी कम करने की दिशा में काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.