वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक कृष्णमोहन झा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की सौजन्य भेंट

भोपाल। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक कृष्णमोहन झा ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी नवप्रकाशित पुस्तक ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ की प्रति मुख्यमंत्री को भेंट की और पुस्तक के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए उन्हें सादर आमंत्रित किया।

प्रख्यात प्रकाशन संस्था मानक पब्लिकेशन, नई दिल्ली से प्रकाशित यह पुस्तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के राष्ट्रचिंतन और विभिन्न समसामयिक विषयों पर उनके विचारों को केंद्र में रखकर तैयार की गई है। इसमें भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, अध्यात्म, सेवा, पर्यावरण और राष्ट्रनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उनके दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुस्तक को लेकर लेखक से विस्तार से चर्चा की और विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति प्रदान की। पुस्तक का विमोचन समारोह 11 सितंबर को शाम 4 बजे भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर के मानसरोवर सभागार में आयोजित किया जाएगा।

कृष्णमोहन झा ने बताया कि ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ महज भाषणों का संकलन नहीं है, बल्कि डॉ. भागवत के लंबे सार्वजनिक जीवन, उनके राष्ट्रचिंतन और समाज के प्रति उनकी दृष्टि को समझने का एक प्रयास है। पुस्तक में विभिन्न अवसरों पर व्यक्त उनके विचारों को विषयवार आलेखों के रूप में संकलित किया गया है, जिससे पाठक उनके चिंतन की व्यापकता और अंतर्निहित दृष्टिकोण को सहजता से समझ सकें।

उन्होंने बताया कि पुस्तक की एक विशेषता यह भी है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डॉ. मोहन भागवत के जन्मदिवस के अवसर पर व्यक्त किए गए विचारों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा विभिन्न संतों, धर्मगुरुओं और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के आशीर्वचन एवं अभिमत भी पुस्तक को विशेष गरिमा प्रदान करते हैं।

विमोचन समारोह की अध्यक्षता मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन प्रमुख डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में संत समाज, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.