नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर देश के राजनीतिक और कानूनी गलियारों से बधाई मिलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता टीएस वरुण ने दुष्यंत गौतम को इस प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की जिम्मेदारी मिलने पर अपनी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता टीएस वरुण ने अपने बधाई संदेश में कहा कि दुष्यंत गौतम का लंबा सांगठनिक अनुभव, सार्वजनिक जीवन में उनकी निष्ठा और प्रशासनिक सूझबूझ सिक्किम राज्य के विकास और लोक-कल्याण को एक नई ऊंचाई पर ले जाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में सिक्किम प्रगति और शांति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ेगा।
टीएस वरुण ने अपने बधाई संदेश में कहा कि दुष्यंत जी लंबा सांगठनिक अनुभव सिक्किम की जनता को मिलेगा। श्री गौतम भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वे हरियाणा से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में अपनी कुशल सांगठनिक क्षमता का लोहा मनवा चुके हैं। दुष्यंत गौतम सिक्किम के वर्तमान राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर का स्थान लेंगे। टीएस वरुण के साथ-साथ देश के कई अन्य गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ वकीलों और राजनेताओं ने भी दुष्यंत गौतम की इस नियुक्ति की सराहना करते हुए इसे सिक्किम के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है।

