101वीं जयंती पर लोगों ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल (सीसीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 101 वीं जयंती के मौके पर उनकी समाधि शक्ति स्थल जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और देश के लिए उनके बलिदान को याद किया।

इसके साथ ही पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, पीसी चाको, अजय माकन सहित सैकड़ों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शक्ति स्थल पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उल्लेखनीय है कि आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज 101 वीं जयंती है। उनका जन्म 19 नवंबर 1917 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में हुआ था।

वहीं पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर नमन। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की बेटी इंदिरा का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था। 1966 से 1977 और फिर 1980 से 1984 में अपने निधन तक वह प्रधानमंत्री रहीं। वह अपने पिता जवाहर लाल नेहरू के बाद सबसे ज्यादा वक्त तक प्रधानमंत्री रहने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं।इंदिरा ने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर अपनी अमिट छाप छोड़ी और उनके व्यक्तित्व की मिसालें दी जाती हैं। इंदिरा गांधी भी एक ऐसा ही नाम है, जिन्हें उनके निर्भीक फैसलों और दृढ़निश्चय के चलते लौह महिला कहा जाता है। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 1971 की जंग में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया था। पूर्वी पाकिस्तान को पाकिस्तान के दमन और अत्याचार से मुक्त कराने का श्रेय इंदिरा को ही जाता है। 1971 की जंग में पाकिस्तान के करीब एक लाख सैनिकों ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था। उसी युद्ध के बाद बांग्लादेश का जन्म हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published.