महबूबनगर (तेलंगाना)। भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की 124वीं जयंती के अवसर पर तेलंगाना के महबूबनगर स्थित जयप्रकाश नारायण कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग परिसर में आई. ए. बी. एफ. द्वारा आयोजित जयप्रकाश नारायण ट्रॉफी:2026 सीनियर पुरुष ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 124 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया।
नवरात्रि के प्रथम दिन सरस्वती पूजन एवं माँ दुर्गा की स्थापना के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में खेल, सामाजिक सेवा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। चैंपियनशिप के समापन समारोह में विभिन्न वर्गों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर IABF के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने देशभर से आए मुक्केबाजों, प्रशिक्षकों, रेफरी एवं जजों, कॉलेज के विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त साधन भी हैं। युवाओं को खेलों के साथ-साथ सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों का जीवन बचाने वाली महान मानवीय सेवा है।
18 राज्यों के 95 मुक्केबाजों ने लिया भागःराकेश ठाकरान
जयप्रकाश नारायण ट्रॉफी:2026 सीनियर पुरुष ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में देश के 18 राज्यों से आए 95 मुक्केबाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 35 कोच तथा 19 रेफरी एवं जज सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थी, खेल अधिकारी और बॉक्सिंग प्रेमी उपस्थित रहे। सात नये रैफरी एवं जज परीक्षा में पास हुये। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, परिश्रम, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
NCC कैडेट्स ने डॉ. राकेश मिश्र को दिया गार्ड ऑफ ऑनर: रवि कुमार केएस
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के विद्यार्थियों द्वारा IABF के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर रहा। इस सम्मान ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। आयोजन के दौरान खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रदर्शित किया।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण और राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख को किया स्मरण
इस अवसर पर राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की 110वीं जयंती का भी स्मरण किया गया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण और राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को नमन किया गया। दोनों महान विभूतियों का जीवन आज भी युवा पीढ़ी को सामाजिक परिवर्तन, जनकल्याण, राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक चेतना के लिए प्रेरित करता है।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभागीदारी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं नानाजी देशमुख ने ग्रामीण विकास, सामाजिक पुनर्निर्माण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। कार्यक्रम में इन दोनों महान व्यक्तित्वों के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
खेल, सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी संगम: संदीप रवि कुमार
नवरात्रि के पावन अवसर पर पूजा-अर्चना, रक्तदान शिविर, राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता, खिलाड़ियों का सम्मान और महान राष्ट्रीय विभूतियों का स्मरण—इन सभी गतिविधियों ने जयप्रकाश नारायण ट्रॉफी: 2026 को खेल प्रतियोगिता से आगे बढ़कर सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा एक प्रेरणादायी आयोजन बना दिया।
IABF द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सेवा के कार्यों से भी जोड़ा जा सकता है। खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और उपस्थित नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

