बांग्लादेश में पल पल बदलते हालात पर पैनी नजर है भारत सरकार की

नई दिल्ली। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी सभी यूनिट के लिए सोमवार को ‘हाई अलर्ट’ जारी किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के कार्यवाहक महानिदेशक (डीजी) दलजीत सिंह चौधरी और अन्य वरिष्ठ कमांडर ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए पश्चिम बंगाल के अग्रिम मोर्चे का दौरा किया। महानिदेशक दिल्ली से विमान के जरिये करीब सुबह साढ़े 10 बजे के करीब कोलकाता पहुंचे।

महानिदेशक ने ‘उत्तर 24 परगना’ जिला और सुंदरबन इलाके में तैयारियों की समीक्षा की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बीएसएफ ने अपने सभी ‘फील्ड कमांडर’ को निर्देश दिया है कि वह सभी कर्मियों को सीमा पर ड्यूटी पर तुरंत तैनात करें।

कोलकाता स्थित मुख्यालय में बीएसएफ के दक्षिण बंगाल ‘फ्रंटियर’ के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बांग्लादेश में बदली स्थिति के मद्देनजर बीएसएफ ने पूरे भारत-बांग्लादेश सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया है और सीमा पर तैनात जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है।’’ बीएसएफ प्रमुख के अगले कुछ दिनों तक इस क्षेत्र में रहने की उम्मीद है। दिल्ली स्थित बीएसएफ के प्रवक्ता ने कहा कि बांग्लादेश सीमा पर स्थिति अभी सामान्य है। उन्होंने कहा, ‘‘जवान हालिया घटनाक्रम से अवगत और सतर्क हैं तथा किसी भी अप्रत्याशित हालात से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।’’

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में व्यापक स्तर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पिछले कुछ हफ्तों के दौरान इस पड़ोसी देश से लगी सीमा पर तैनात सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थीं और अब सभी यूनिट को ‘पूरी तरह सतर्क रहने’ के लिए कहा गया है।

भारत सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों सभी राजनीतिक दलों से साझा किया गया है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों को जानकारी दी। मंत्रियों ने कहा कि अगर पड़ोसी देश में स्थिति बिगड़ती है तो सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बांग्लादेश के हालात पर भारत की पैनी नजर है। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए।  एक्स पर पोस्ट में जयशंकर ने संसद भवन में हुई बैठक की तस्वीरें भी साझा कीं। विदेश मंत्री ने लिखा कि आज संसद में एक सर्वदलीय बैठक में बांग्लादेश के हालिया घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जताए गए सर्वसम्मत समर्थन और तालमेल के लिए सभी दलों की सराहना करता हूं

Leave a Reply

Your email address will not be published.