9 सितंबर को होगा भारत के अगले उपराष्ट्रपति का चुनाव, निर्वाचन आयोग ने की तारीख की घोषणा

नई दिल्ली। भारत के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव की तारीख की औपचारिक घोषणा हो गई है। निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि देश के 14वें उपराष्ट्रपति का चुनाव 9 सितंबर 2025 को कराया जाएगा। मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का कार्यकाल 10 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है, जिसके पहले यह चुनाव संपन्न कराया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 16 अगस्त 2025 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 27 अगस्त को होगी। प्रत्याशी 29 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।

अगर जरूरत पड़ी तो मतदान 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संसद भवन में कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।

भारत के उपराष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचन कॉलेज द्वारा किया जाता है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित और मनोनीत सदस्य शामिल होते हैं। चुनाव गुप्त मतदान और एकल संक्रमणीय मत प्रणाली से कराया जाता है।

उपराष्ट्रपति देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होता है और वह राज्यसभा का सभापति भी होता है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सत्तारूढ़ दल और विपक्ष किस-किस उम्मीदवार को मैदान में उतारते हैं और राजनीतिक समीकरण क्या रुख लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.