राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया तो पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मिलकर उन्हें बधाई दी। राहुल गांधी को बधाई देने के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर सुबह से ही पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, सांसद और कार्यकर्ता पहुंचने लगे। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी महासचिव अशोक गहलोत, कोषाध्यक्ष मोतीलाल बोरा, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, महासचिव मुकुल वासनिक, अंबिका सोनी तथा स्टीयरिंग कमेटी के कई अन्य सदस्य, पार्टी के कई सांसद, राष्ट्रीय सचिव, संयुक्त सचिव और पार्टी के अन्य नेता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा दूसरे प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने गांधी से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा, ‘हमारे नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई। हमारी कामना है कि उनका संकल्प, प्रतिबद्धता और विनम्रता कांग्रेस को सत्य, न्याय और समता के लिए हमेशा मार्गदर्शन प्रदान करती रहे।’
बता दें कि राहुल गांधी का बतौर कांग्रेस अध्यक्ष यह पहला जन्मदिन है। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में पार्टी अध्यक्ष की कमान संभाली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट सरफराज अहमद सिद्दकी ने बताया कि आज का दिन हम सभी के लिए एक नई उम्मीद का दिन है। हम सभी यही कामना करते हैं कि पार्टी अध्यक्ष की अगुवाई में जनता की बेहतरी के लिए काम करें। हिंदुस्तान की तरक्की के लिए काम करें। एडवोकेट सरफराज सिददीकी ने बताया कि पार्टी के मुख्यालय के 24 अकबर रोड पर आज सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हुए और राहुल गांधी के पक्ष में नारेबाजी की। इस मौके पर कई कार्यकर्ताओं ने ढोल और मंजीरे बजाकर जश्न मनाया।अखिल भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से भी जश्न का आयोजन किया गया। युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी के नाम का केक काटा और पटाखे जलाए। इस मौके पर युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष केशव चंद यादव, उपाध्यक्ष श्रीनिवास बीवी तथा दूसरे पदाधिकारी मौजूद थे।
राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर युवा कांग्रेस की सोशल मीडिया ने जन नेता राहुल गांधी नाम से एक मुहिम भी शुरू की है और इसके तहत एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में ऊना में दलितों की पिटाई, उन्नाव एवं कठुआ बलात्कार कांड तथा कुछ दूसरे मुद्दों पर गांधी को आवाज उठाते हुए दिखाया गया है। राहुल गांधी आज 48 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस अध्यक्ष को जन्मदिन की बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.