उप-राष्ट्रपति सहित केन्द्रीय मंत्रियों ने किया योग


नई दिल्ली/ टीम डिजिटल।  दुनियाभर में शुक्रवार को उत्साह के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। सुबह से ही दिल्ली में कई जगह योग शिविर के आयोजन किए गए। इन शिविरों में उपराष्ट्रपति सहित केन्द्रीय मंत्रियों ने हिस्सा लिया। आज सुबह लाल किले में आयोजित योग शिविर में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी योग किया। इस दौरान उपराष्ट्रपति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग का उद्देश्य ही है जीवन में संतुलन और समभाव स्थापित करना, शांति और गंभीरता लाना। उत्कृष्टता, समन्वय और सौहार्द के प्रति हमारी अंतर्निहित नैसर्गिक प्रवृत्ति का उदात्त रूप है योग। यह भारतीय विश्व दर्शन की मुखर अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि योग हमें जीवन के बाहरी आडंबरों को कम से कम करने की प्ररेणा देता है। यह हमारे मन-मस्तिष्क में बसी दुष्चिंताओं, शंकाओं, भ्रमों को दूर करने में सहायक है। हम जितना इन वृत्तियों से दूर होंगे उतना ही एकाग्र रह कर गहरी आत्मिक विश्रांति महसूस कर सकेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सांसद मीनाक्षी लेखी, उपराज्यपाल अनिल बैजल, स्मृति ईरानी एवं प्रकाश जावडेकर ने राजपथ पर लोगों के साथ योग किया। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वस्थ्य रहने के लिए योग बहुत जरूरी है। योग पूरी दुनिया को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि योग ही शक्ति है कि आज पूरी दुनिया में एक साथ योग किया जा रहा है।

 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने भाजपा मुख्यालय पर पार्टी पधाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ योग किया। केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण पूर्वी दिल्ली पहुंकर लोगों को योग के लिए प्रेरित किया। केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के साथ तालकटोरा स्टेडियम में योग किया। वहीं योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य को लेकर पीयूष गोयल ने लोधी गार्डन में लोगों के साथ योग कर स्वस्थ्य रहने का संदेष दिया। उल्लेखनीय है कि पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन झारखंड के रांची में किया। इससे पहले मनाया वर्ष 2015 में योग दिवस का मुख्य समारोह नई दिल्ली में, 2016 में चंडीगढ़ में, 2017 में लखनऊ में और 2018 में देहरादून में आयोजित किया गया था।

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.