नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 54 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी , पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यमुना के किनारे स्थित शांति वन में पंडित नेहरू के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। गुलाम नबी आजाद , अशोक गहलोत और मोतीलाल वोरा जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने देश के पहले प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। समाधि स्थल पर सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 में इलाहाबाद में हुआ था। उनके पिता मोतिलाल नेहरू एक जानेमाने वकील थे। उनकी माता का नाम स्वरूपरानी थुस्सू था. मोतिलाल नेहरू ने स्वतंत्रता आंदोलन ने सक्रिय भागीदारी निभाई और वह इंडियन नेशनल कांग्रेस के दो बार (1919-1920 और 1928-1929) अध्यक्ष रहे। जवाहरलाल नेहरू आजादी के आदोंलन के दौरान कई बार जेल गए। पंडित नेहरू को आधुनिक भारत – संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणतंत्र के वास्तुकार के तौर पर जाना जाता है।