लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, जांच में निकला फर्जी अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के टॉयलेट में बम होने का संदेश लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और विमान को रोककर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E2111 सुबह करीब 11:15 बजे उड़ान भरने वाली थी। इसी दौरान विमान के शौचालय में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक टिश्यू पेपर पर बम होने की सूचना लिखकर छोड़ दी गई। संदेश मिलने के बाद चालक दल ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद विमान को सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत टैक्सी-वे क्षेत्र में ले जाया गया। सीआईएसएफ समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान में सवार करीब 180 यात्रियों और उनके सामान को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

सुरक्षा कर्मियों ने विमान और यात्रियों के सामान की गहन जांच की। पूरे विमान की सघन तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध, विस्फोटक या हानिकारक वस्तु बरामद नहीं हुई। विस्तृत जांच के बाद बम की सूचना को पूरी तरह फर्जी और अफवाह करार दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया। जांच और कानूनी औपचारिकताओं के कारण विमान की उड़ान में कुछ समय की देरी हुई।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टिश्यू पेपर पर बम की सूचना लिखकर रखने वाला व्यक्ति कौन था। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाती है।

हालांकि जांच में खतरे की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने कुछ समय के लिए यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन के बीच चिंता का माहौल पैदा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.