नोएडा। लंबे समय से चल रही उठापटक के बीच आखिर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर का जिला अध्यक्ष घोषित कर दिया। पार्टी ने युवा और जोशीले कार्यकर्ता अभिषेक शर्मा को नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस आशय की घोषणा जिला मुख्यालय पर की गई। प्रदेश मंत्री और एमएलसी विजय शिवहरे ने अभिषेक शर्मा के जिला अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव विनोद सोनकर, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारणी के सदस्य अभिषेक कृष्ण दुबे वर्तमान .जिलापंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
अभिषेक शर्मा का परिवार संघ से जुड़ा रहा है जिसका लाभ उन्हें मिला है, साथ ही युवा होने के कारण भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनके ऊपर भरोसा जताया है।
अभिषेक शर्मा पेशे से वकील है और वे पूर्व में भाजपा के जिला मंत्री भी रहे हैं। इससे पूर्व वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिष के विभाग संगठन मंत्री रहे हैं। बचपन से कर्मठ और कर्मशील अभिषेक शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा के राजनीतिक टीम का सक्रिय हिस्सा रहे हैं। अभिषेक शर्मा के जिला अध्यक्ष बनाए जाने से जहां युवाओं में उत्साह नजर आ रहा है वहीं पार्टी के पुराने नेताओं का भी शर्मा को साथ मिलेगा। सौम्य, सरल और सांगठनिक समझ वाले अभिषेक शर्मा पार्टी में कई केंद्रीय नेताओं के भी करीबी हैं। उनके जिला अध्यक्ष बनने से जिला और प्रदेश में होने वाले चुनावों पर भी असर देखने को मिलेगा।
अभिषेक शर्मा के अध्यक्ष बनाए जाने पर कई केंद्रीय और प्रदेश और जिला के वरिष्ठ नेताओं ने शुभकामना दी है। जिला अध्यक्ष की घोषणा होने के बाद अभिषेक शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया।