नई दिल्ली। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को आज रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के साथ मिलकर ‘विंग्स टू आवर होप्स’ और ‘आशाओं की उड़ान’ पुस्तकों के दूसरे खंड की प्रथम प्रतियां राष्ट्रपति भवन में भेंट कीं। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रकाशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इन दोनों पुस्तकों का प्रकाशन प्रकाशन विभाग निदेशालय द्वारा किया गया है। इनमें राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के कार्यकाल के दूसरे वर्ष के दौरान दिए गए 51 महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक भाषणों का संकलन किया गया है। पुस्तकों का औपचारिक विमोचन राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में रक्षा मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री, राज्य मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया गया।
इन भाषणों को 11 वर्गों में विभाजित किया गया है:
-
राष्ट्र के नाम संबोधन
-
शिक्षा के माध्यम से समग्र विकास
-
कर्मयोगियों को सेवा की प्रेरणा
-
सशस्त्र बल – राष्ट्रीय गौरव
-
नागरिक सशक्तीकरण में शासन की भूमिका
-
उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता
-
वैश्विक संबंधों का निर्माण
-
सांस्कृतिक विरासत का उत्सव
-
कृषि में नवाचार
-
स्वयं और प्रकृति का एकीकरण
-
महिला सशक्तीकरण
ये पुस्तकें न केवल राष्ट्रपति के विचारों को दर्शाती हैं, बल्कि भारत के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासशील परिदृश्य की झलक भी प्रस्तुत करती हैं।