घनश्याम दुबे की स्मृति में ‘GRD10’ की शुरुआत, समाजसेवियों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

मुंबई। अंधेरी पश्चिम स्थित श्रीकृष्णा कॉम्प्लेक्स में पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय घनश्याम राजनारायण दुबे की 75वीं जयंती पर ‘GRD10 – A Legacy of Inspiration’ संस्था का शुभारंभ किया गया। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर इस पहल की शुरुआत की। असम के राज्यपाल आचार्य लक्ष्मण प्रसाद ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और शुभकामनाएं दीं। उद्योगपति निरंजन हीरानंदानी सहित बॉलीवुड की कई हस्तियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने भी अपनी शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, आरटीआई कार्यकर्ता एवं पत्रकार अनिल गलगली, डॉ. राधेश्याम तिवारी, धर्मराज दुबे, पत्रकार बृजमोहन पांडे, फिल्म यूनियन नेता बी.एन. तिवारी, अशोक दुबे, डॉ. सागर त्रिपाठी, विनोद पाठक, डॉ. नीरज दुबे, एडवोकेट अवनीश सिंह, पत्रकार अभय मिश्रा, हरगोविंद विश्वकर्मा और राजकिशोर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आरजे जैन ने किया और आभार प्रदर्शन अनिल गलगली ने किया।

स्वर्गीय घनश्याम राजनारायण दुबे पहलवान, राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे। शिवसेना की ओर से विधान परिषद सदस्य रहे दुबे ने महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उनकी सुपुत्री एवं आर्यन हॉस्पिटल एंड मेडिकल सेंटर की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुनीता दुबे ने GRD10 की परिकल्पना की है।

इस संस्था के माध्यम से हर वर्ष प्रतिभाशाली व्यक्तियों और जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वालों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। कुश्ती एवं अखाड़ा संस्कृति, खेल, चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण में योगदान को भी विशेष महत्व मिलेगा।

कार्यक्रम में आर्यन दुबे ने आगामी वर्ष में दिए जाने वाले पांच पुरस्कारों की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं, डॉ. सुनीता दुबे ने सामाजिक सरोकारों के तहत कैंसर पीड़ितों और स्कूली विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. सुनीता दुबे ने बोरिवली में स्वर्गीय घनश्याम दुबे के नाम पर कुश्ती अकादमी स्थापित करने तथा सड़क और विद्यालय निर्माण से जुड़ी विकास परियोजनाओं का प्रस्ताव भी रखा। विधायक संजय उपाध्याय को इन योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और जल्द सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुरस्कारों, संस्थागत पहलों और समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से स्वर्गीय घनश्याम दुबे के विचारों एवं जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.