वाराणसी। महान स्वतंत्रता सेनानी और महाकवि सुब्रमण्यम भारती का उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक एवं व्यापारिक आदान-प्रदान का करीब 100 वर्ष पुराना सपना आज साकार होता दिखाई दे रहा है। महाकवि भारती की बहन लक्ष्मी अम्माल की पौत्री डॉ. जयंती मुरली ने काशी तमिल संगमम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अत्यंत सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इस आयोजन ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को वास्तविक रूप में जमीन पर उतारा है।
काशी तमिल संगमम से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. जयंती मुरली ने बताया कि उन्हें इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ संवाद करने और उन्हें महाकवि सुब्रमण्यम भारती के जीवन, विचारों तथा साहित्यिक योगदान से परिचित कराने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने उनके विचारों को बेहद रुचि और ध्यान से सुना। यह पहल केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी इससे जुड़ रहे हैं।
डॉ. मुरली के अनुसार, किसी संस्कृति और परंपरा के बारे में किताबों में पढ़ना अलग अनुभव है, लेकिन जब उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के लोग आमने-सामने मिलते हैं, तो वास्तविक सांस्कृतिक और ज्ञान का आदान-प्रदान होता है। काशी तमिल संगमम ने इस संवाद को संभव बनाया है और दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की विरासत समझने का अवसर दिया है।
गंगा और कावेरी के मिलन की कल्पना हुई साकार
महाकवि सुब्रमण्यम भारती की दूरदर्शी सोच का उल्लेख करते हुए डॉ. जयंती मुरली ने कहा कि उन्होंने लगभग एक शताब्दी पहले ही अपनी रचनाओं में उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की कल्पना की थी। उनकी एक कविता में गंगा के तट पर पैदा होने वाले गेहूं और कावेरी क्षेत्र के मीठे पान के आदान-प्रदान का उल्लेख मिलता है।
उन्होंने कहा कि महाकवि भारती की यह कल्पना केवल वस्तुओं के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके पीछे देश के विभिन्न क्षेत्रों को सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से जोड़ने की व्यापक भावना थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर आयोजित काशी तमिल संगमम ने उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के बीच एक मजबूत सांस्कृतिक सेतु तैयार किया है। इस तरह महाकवि भारती का गंगा और कावेरी को जोड़ने का सपना आज नए स्वरूप में साकार हो रहा है।
काशी तमिल संगमम 5.0 के लिए पंजीकरण शुरू
उल्लेखनीय है कि काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन की थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलवोम’ यानी ‘आइए, तिरुक्कुरल पढ़ें’ रखी गई है। इसका उद्देश्य तमिल साहित्य की महान कृति तिरुक्कुरल के ज्ञान, दर्शन और नैतिक मूल्यों को देशभर के विद्यार्थियों तथा आम लोगों तक पहुंचाना है।
इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। काशी तमिल संगमम 5.0 के माध्यम से एक बार फिर उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं साहित्यिक परंपराओं को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

